उज्जैन में 1500 डमरू वादकों ने डमरू वादन कर फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन न्यूयॉर्क के 488 डमरू वादन का रिकार्ड तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर उज्जैन ने डमरू वादन का विश्व कीर्तिमान रचा। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के एडिटर ऋषिनाथ ने इस विश्व रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट प्रदान किया।
इस आयोजन में 25 दलों के 1500 डमरू वादकों ने भस्म आरती की धुन पर डमरू वादन कर भगवान महाकाल की स्तुति की। कार्यक्रम महाकाल महालोक के सामने शक्तिपथ पर आयोजित हुआ, जिसमें भगवा वस्त्रों में सजे कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
जिला प्रशासन और महाकाल प्रबंध समिति के प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, राजेश सिंह कुशवाह, नरेश शर्मा, पुजारी आशीष शर्मा, पुजारी प्रदीप गुरु, संभागायुक्त संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक मृणाल मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संतजन एवं दर्शक उपस्थित रहें।