दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस ने अपनी दिल्ली जोड़ो यात्रा को दिवाली के बाद शुरू करने का फैसला किया है। पहले यह यात्रा 23 अक्तूबर से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना और आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति को मजबूती प्रदान करना है।
प्रदेश कांग्रेस ने यह निर्णय दिवाली के दौरान लोगों की व्यस्तता और बाजारों में होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए लिया है। पार्टी को उम्मीद है कि दिवाली के बाद जब लोग अपने सामान्य जीवन में लौटेंगे, तो यात्रा का अधिक प्रभाव पड़ेगा और ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो सकेंगे। कांग्रेस जल्द ही यात्रा के नए कार्यक्रम की घोषणा करेगी।
इसके अलावा, बताया जा रहा है कि दिवाली के समय दिल्ली पुलिस यात्रा के लिए अनुमति देने में आनाकानी कर रही थी। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पर पहले से ही काफी दबाव होता है, जिससे वह किसी नई सार्वजनिक यात्रा के आयोजन की अनुमति देने में असमर्थ नजर आ रही थी। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस से यात्रा की अनुमति के लिए अब तक कोई औपचारिक आवेदन नहीं किया है।