Uncategorized

दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय नोटों के गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Published

on

दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय नोटों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 3.98 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद जुबैर उर्फ सोनू (26), फाज़िल (19) और मोहसिन (19) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के निवासी हैं।

सेंट्रल जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एम हर्षवर्धन ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नकली नोटों की सप्लाई करने वाले गिरोह का एक प्रमुख सदस्य पहाड़गंज इलाके में बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया और गांधी मार्केट के पास कई जगहों पर घेराबंदी की गई।

डीसीपी हर्षवर्धन के अनुसार, पुलिस टीम ने वहां फाज़िल और मोहसिन नाम के दो संदिग्धों को देखा, जो नकली नोटों की सप्लाई के इरादे से वहां मौजूद थे। करीब 10 मिनट तक इंतजार के बाद दोनों ने अपने स्कूटर से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

उनके पास से 100 रुपये के नकली नोटों के 40 बंडल मिले, जिन्हें रबर बैंड से बांधकर पॉलिथीन में रखा गया था। जांच में ये नोट नकली पाए गए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नकली भारतीय नोटों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे और यहां इन नोटों की सप्लाई करने आए थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि ये नकली नोट उन्हें जुबैर उर्फ सोनू से मिले थे, जो इस गिरोह का मास्टरमाइंड है। इसके बाद पुलिस ने जुबैर को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से एक प्रिंटर, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर भी बरामद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version