मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पर उनका हेलीकॉप्टर लैंड किया गया । इसके बाद संस्कृत विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री सीधे राजघाट पहुंचे। यहां से सीएम ने NDRF के मोटरबोट से पुल तक गंगा और वरुणा नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।
आपको बता दे की इसके बाद सरैया स्थित आलिया गार्डेन में बनाए गए राहत केंद्र में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चिंता की कोई बात नही है। आपदा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित लोगों की पूरी मदद की जाएगी।
सीएम योगी ने अधिकारियों से राहत कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद में कोई कोर-कसर न छोड़ी जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री जेपी मेहता इंटर कॉलेज राहत केंद्र पहुंचे और यहां रह रहे 60 से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
बता दें कि इस दौरान उन्होंने लगभग 37 लोगों को राहत सामग्री की राशन पैकेट और आलू, प्याज से भरा बैग दिया। सीएम योगी ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज परिसर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के मवेशियों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा सीएम योगी ने 20 मिनी पोर्टेबल और 3 बड़ी फागिंग मशीन कर्मियों के ग्रुप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।