राजधानी दिल्ली में प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। 19 जून की शाम से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। वहीं, शुक्रवार को सुबह से ही ठंडी हवा चल रही है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 21 जून को भी धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश के आसार है।बुधवार रात हुई हल्की बूंदाबांदी व तेज हवाओं के कारण तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बीते कई दिन से 44-45 डिग्री चल रहा तापमान बृहस्पतिवार को लुढ़ककर 40 डिग्री पहुंच गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आयानगर और जाफरपुर को छोड़कर मौसम विभाग के कई केंद्रों पर तापमान 40 डिग्री से नीचे ही दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राहत दो दिन की है। दो दिन बाद फिर से दिल्ली को प्रचंड गर्मी और लू से जूझना पड़ेगा।
राजधानी दिल्ली में शनिवार यानी की 23 जून से लू का प्रकोप दोबारा शुरू हो जाएगा। वहीं गुरुवार को आयानगर में सबसे अधिक 40.6 तापमान दर्ज हुआ जबकि जाफरपुर में तापमान 40 डिग्री रहा। पीतमपुरा में 39.7, पालम में 39.6, पूसा में 38.1 और नजफगढ़ में 38 डिग्री तापमान रहा।
बता दें, 22 जून को तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है। 23 व 24 जून को तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहेगा।